
मृतक की पहचान 26 वर्षीय शिव कुमार सिंह, निवासी कैंप-1 के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि शिव कुमार अपने दोस्त शिशांत के साथ नेहरू नगर चौक पहुंचे थे। उन्हें चिचोला जाना था, जहां वे दुकान चलाते थे।

जानकारी के मुताबिक, शिव कुमार किसी वाहन से लिफ्ट लेने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान स्कूटी सवार युवकों और एक युवती के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया।
देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि स्कूटी सवार एक युवक ने शिव कुमार सिंह की बाईं जांघ के ऊपरी हिस्से में चाकू मार दिया।

चाकू लगने के बाद शिव कुमार सड़क पर गिर पड़े, जबकि आरोपी स्कूटी से नेहरू नगर चौक के अंडरब्रिज होते हुए टाउनशिप की ओर फरार हो गए।
घायल शिव कुमार को पुलिस तत्काल इलाज के लिए हाईटेक अस्पताल लेकर गई, जहां से डॉक्टरों ने उन्हें शंकराचार्य मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। लेकिन इलाज के दौरान आज सुबह उनकी मौत हो गई।
घटना के बाद सुपेला पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
फिलहाल इस चाकूबाजी और हत्या की वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई है।