दुर्ग जिले के वैशालीनगर थाना क्षेत्र में मोहल्ले के एक विवाद के दौरान बीच-बचाव करना एक युवक को भारी पड़ गया। समझाइश देने पहुंचे युवक पर आरोपी ने धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था, लेकिन अब वैशालीनगर पुलिस ने लगातार पतासाजी और घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 26 जुलाई 2026 की रात करीब 11 बजे वार्ड क्रमांक-08 निवासी आकाश मेश्राम अपने घर के बाहर मोहल्ले में हो रहे विवाद की आवाज सुनकर पहुंचे। वहां आरोपी किशन निषाद उनकी पत्नी के साथ विवाद और गाली-गलौज कर रहा था।
जब आकाश मेश्राम ने बीच-बचाव करते हुए दोनों पक्षों को शांत कराने की कोशिश की, तभी आरोपी भड़क गया। आरोप है कि उसने जान से मारने की धमकी देते हुए अपने पास रखे धारदार हथियार से आकाश मेश्राम के पेट और बाएं हाथ पर हमला कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज कराया गया।

घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था। प्रार्थी की शिकायत पर वैशालीनगर थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता और आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की।
पुलिस की विशेष टीम ने लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दी और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर घेराबंदी कर आरोपी किशन निषाद को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस ने बताया कि घटना में इस्तेमाल किए गए धारदार हथियार और अन्य साक्ष्यों की बरामदगी के लिए वैधानिक कार्रवाई जारी है।