
रायपुर और नागपुर के बीच चलने वाली हावड़ा-मुंबई दुरंतो एक्सप्रेस में आरपीएफ क्राइम ब्रांच ने बड़ी कार्रवाई की है। संयुक्त टीम ने ट्रेन से करीब 1.242 किलोग्राम विदेशी सोना बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 96 लाख 34 हजार रुपये बताई गई है।
जानकारी के मुताबिक, आरपीएफ क्राइम ब्रांच नागपुर को सूचना मिली थी कि दुरंतो एक्सप्रेस में दो लोग विदेशी सोने की तस्करी कर रहे हैं। सूचना के आधार पर आरपीएफ क्राइम ब्रांच नागपुर और रायपुर की टीम ने डीआरआई नागपुर के अधिकारियों के साथ मिलकर ट्रेन में सघन जांच शुरू की।

जांच के दौरान बी-12 कोच में दो संदिग्ध व्यक्तियों को भंडारा-नागपुर के बीच पकड़ा गया। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से करीब 1.242 किलोग्राम सोना बरामद हुआ। इसमें 7 गोल्ड बिस्किट और सोने की एक छड़ शामिल है।

आरपीएफ ने दोनों आरोपियों को बरामद सोने के साथ डीआरआई नागपुर के सुपुर्द कर दिया। डीआरआई ने मामले में कस्टम अधिनियम, 1962 की धारा 135 के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
फिलहाल डीआरआई दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि सोना कहां से लाया गया था और इसे कहां पहुंचाया जाना था। साथ ही, इस तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।
आरपीएफ की इस कार्रवाई ने एक बार फिर रेलवे में अवैध गतिविधियों पर निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता को सामने ला दिया है।