दुर्ग में छात्रों का 12 घंटे का प्रदर्शन, 17 शिक्षकों की मांग पर प्रशासन का बड़ा फैसला

Share Now

दुर्ग जिले के धमधा क्षेत्र के ग्राम पेंड्रावन स्थित स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल में मंगलवार को छात्रों ने शिक्षकों की कमी को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। करीब 400 छात्र-छात्राएं अपनी मांगों को लेकर सड़क पर उतर आए और खैरागढ़-धमधा मुख्य मार्ग को लगभग 12 घंटे तक जाम कर दिया।

छात्रों का कहना था कि स्कूल में पर्याप्त संख्या में शिक्षक नहीं होने के कारण पढ़ाई प्रभावित हो रही है। खास तौर पर आर्ट्स और कॉमर्स विषयों में शिक्षकों की कमी को लेकर छात्रों में काफी नाराजगी थी। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं सड़क पर बैठे रहे।

मामले की जानकारी मिलते ही SDOP, तहसीलदार, SDM और स्कूल शिक्षा विभाग के सहायक संचालक समेत कई अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने छात्रों को समझाने की कोशिश की, लेकिन छात्र अपनी मांगों पर अड़े रहे।

इसके बाद स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव से फोन पर बातचीत और आश्वासन मिलने के बाद छात्रों ने अपना प्रदर्शन समाप्त किया।

प्रशासन की ओर से छात्रों की मांगों को देखते हुए स्कूल में चल रही ओपन स्कूल व्यवस्था को अगले सत्र से समाप्त करने का फैसला लिया गया है। वहीं, स्कूल के प्राचार्य को भी हटा दिया गया है।

शिक्षकों की कमी दूर करने के लिए चार नए शिक्षकों की व्यवस्था किए जाने की बात कही गई है। इसके बाद स्कूल में कुल सात शिक्षक होंगे। साथ ही नए प्राचार्य की नियुक्ति भी की जाएगी।

हालांकि छात्रों की मांग 17 शिक्षकों की थी, लेकिन फिलहाल चार नए शिक्षकों की व्यवस्था और अन्य मांगों पर मिले आश्वासन के बाद प्रदर्शन समाप्त हो गया।

अब बड़ा सवाल यही है कि क्या नए शिक्षकों की नियुक्ति के बाद छात्रों की पढ़ाई की समस्या वास्तव में दूर हो पाएगी? आने वाले दिनों में प्रशासन द्वारा किए गए इन फैसलों का असर स्कूल की शिक्षा व्यवस्था पर देखने को मिलेगा।


Share Now