नेपाल में बाढ़ से तबाही, 95 लोगों की मौत और सैकड़ों लापता

Share Now

नेपाल में अचानक आई बाढ़ ने भारी तबाही मचा दी है। नेपाल-तिब्बत बॉर्डर के पास बुधवार सुबह अचानक आई बाढ़ से रेसुवा जिले में कई इलाके इसकी चपेट में आ गए।

सुबह करीब 9 बजे तिब्बत की दिशा से अचानक तेज पानी का बहाव आया, जिसके बाद देखते ही देखते कई इलाकों में पानी और मलबा भर गया। इस हादसे में कई घरों और दूसरे निर्माणों को नुकसान पहुंचने की खबर है।

नेपाल पुलिस के मुताबिक, अब तक 95 लोगों की मौत की खबर सामने आई है। वहीं नेपाल के पर्यटन विभाग के अनुसार 500 से ज्यादा लोगों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। लापता लोगों में 133 भारतीय नागरिकों समेत 300 से ज्यादा विदेशी पर्यटक शामिल बताए जा रहे हैं।

हादसे के बाद नेपाल में राहत और बचाव कार्य लगातार जारी है। अधिकारियों के सामने सबसे बड़ी चुनौती लापता लोगों को तलाशना और प्रभावित इलाकों तक मदद पहुंचाना है।

वहीं अधिकारियों ने एक बार फिर बाढ़ का खतरा मंडराने की चेतावनी दी है। बताया गया है कि जिस ग्लेशियल झील के फटने से अचानक बाढ़ आई थी, वहां अभी भी करीब 7 मीटर ऊंचा पानी का बांध बना हुआ है। अगर यह बांध टूटता है तो हालात और भी गंभीर हो सकते हैं।

फिलहाल प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां हालात पर नजर बनाए हुए हैं। लोगों से सतर्क रहने और नदी-नालों के आसपास जाने से बचने की अपील की गई है।

नेपाल में आई इस प्राकृतिक आपदा ने एक बार फिर हिमालयी क्षेत्रों में अचानक आने वाली बाढ़ और ग्लेशियल झीलों के खतरे को सामने ला दिया है।


Share Now