बीएसपी में ठेका श्रमिकों को जल्द मिले केंद्रीय न्यूनतम वेतन

Share Now

भिलाई इस्पात संयंत्र में कार्यरत ठेका श्रमिकों के लिए केंद्रीय न्यूनतम वेतनमान लागू करने की मांग तेज हो गई है। स्टील ठेका श्रमिक यूनियन इंटक ने इस मुद्दे को लेकर रोष जताते हुए जल्द कार्रवाई की मांग की है।

भिलाई इस्पात संयंत्र में कार्यरत ठेका श्रमिकों की विभिन्न समस्याओं को लेकर यूनियन कार्यालय में बैठक आयोजित की गई। बैठक में ठेका श्रमिकों को जल्द केंद्रीय वेतनमान देने की मांग प्रमुखता से उठाई गई।

यूनियन का कहना है कि भिलाई इस्पात संयंत्र के उत्पादन, उत्पादकता और लाभार्जन में ठेका श्रमिकों की महत्वपूर्ण भूमिका है। नए लेबर कोड लागू होने के बाद भी ठेका श्रमिकों के लिए केंद्रीय न्यूनतम वेतन के संबंध में बीएसपी प्रबंधन द्वारा अब तक स्पष्ट सर्कुलर जारी नहीं किया गया है।

इसी मुद्दे को लेकर स्टील ठेका श्रमिक यूनियन इंटक के अध्यक्ष संजय साहू ने श्रम विभाग के उच्च अधिकारियों से चर्चा कर ठेका श्रमिकों को उचित वेतन दिलाने की मांग की है।

वहीं, सेल स्टॉक यार्ड में कार्यरत ठेका श्रमिकों के वेतन से एचडब्ल्यूए की राशि काटे जाने की जानकारी मिलने पर यूनियन ने तत्काल कार्रवाई की मांग की। यूनियन अध्यक्ष ने सेल स्टॉक यार्ड के उप महाप्रबंधक से चर्चा कर श्रमिकों को एचडब्ल्यूए की राशि तत्काल जारी करने की मांग की।

यूनियन का कहना है कि ठेका कंपनियों द्वारा समय पर वेतन नहीं देने की शिकायतें भी बीएसपी के रिफ्रैक्ट्री स्टोर, फाउंड्री शॉप और अन्य विभागों से लगातार मिल रही हैं। यूनियन ने श्रमिकों को निर्धारित समय पर वेतन भुगतान सुनिश्चित करने की मांग की है।

बैठक में यूनियन के कई पदाधिकारी और कार्यकारिणी सदस्य मौजूद रहे। यूनियन ने स्पष्ट किया है कि ठेका श्रमिकों के हितों से जुड़े इन मुद्दों के समाधान के लिए आगे भी आवाज उठाई जाएगी।


Share Now