
भिलाई। भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव ने मौर्या टॉकीज से टाउनशिप को जोड़ने वाले अंडरब्रिज का नाम स्व. बशिष्ट नारायण मिश्रा के नाम पर रखने की मांग की है। इस संबंध में उन्होंने महापौर नीरज पाल को पत्र लिखा है और आयुक्त को इसकी प्रतिलिपि भेजकर जल्द आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया है।

विधायक ने कहा कि स्व. बशिष्ट नारायण मिश्रा ने लगातार पांच बार पार्षद रहते हुए भिलाई की जनता की समस्याओं और शहर के विकास से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाया। वे हमेशा आम लोगों के बीच रहकर उनकी सेवा करते रहे।
26 अगस्त को उनके आकस्मिक निधन के बाद उनकी स्मृति को सम्मान देने के लिए विधायक ने अंडरब्रिज का नाम उनके नाम पर रखने की पहल की है। देवेंद्र यादव ने कहा कि यह उनके लंबे सार्वजनिक जीवन और भिलाई के विकास में दिए योगदान के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
उन्होंने महापौर से इस प्रस्ताव पर जल्द आवश्यक कार्यवाही करने का आग्रह किया है, ताकि स्व. बशिष्ट नारायण मिश्रा की जनसेवा की याद हमेशा भिलाई से जुड़ी रहे।